Bhopal: प्रदेश कांग्रेस महामंत्री और चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश के चार स्थानों जिसमें एक खंडवा लोकसभा, पृथ्वीपुर, रेगांव और जोबट विधानसभा में होने जा रहे उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रेषित कर जारी की है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने बताया है कि उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों में अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया और अरूण यादव, राज्यसभा सदस्य विवके तन्खा, पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, अभा कांग्रेस के सचिव संजय कपूर, कुलदीप इंदौरा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, मुकेश नायक, सिद्वार्थ कुशवाह, विधायक आरिफ मसूद, औंकारसिंह मरकाम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल को शामिल किया गया है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष रैगांव और पृथ्वीपुर में सभाओं को करेंगे संबोधित
मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल 11 और 12 अक्टूबर को सतना जिले की रैगांव विधानसभा और निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने हेतु जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने बताया कि अजय सिंह 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रैगांव विधानसभा के हाटी जाएंगे। वे 11:00 बजे हाटी में आम सभा को संबोधित करेंगे । उसी दिन दोपहर 12 बजे रैगांव विधानसभा की कोठी और दोपहर 1 बजे रैगांव विधानसभा क्षेत्र में आम सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे करसरा, दोपहर 2:30 बजे चोरवरी, 3 बजे सिंहपुर, 4 बजे कटकोन, 5 बजे बसुधा, 6 बजे हिलोधा में जनसंपर्क करेंगे।
कल्पना ने खुद की थी अजय सिंह राहुल की मांग
अजय सिंह राहुल लोकसभा और विधानसभा चुनाव हारने के बाद राजनैतिक रूप से भले ही कमजोर हुए हों लेकिन विंध्य की राजनीति में आज भी इनका गहरा प्रभाव है। शायद इसीलिए रैगांव विधानसभा की प्रत्याशी कल्पना वर्मा ने भी इस बात की मांग कर चुकी हैं कि अजय भइया राहुल यदि पार्टी के लिए प्रचार करेंगे तो जीत तय होगी। नामांकन भरने के बाद कल्पना ने शीर्ष नेतृत्व से मांग भी की थी की पूर्व नेता प्रतिपक्ष का नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया जाए। अजय सिंह राहुल के माध्यम से कांग्रेस क्षत्रिय और ब्राह्मण मतदाताओं को अपने पाले में लेने में कामयाब होगी। सियासी जानकारों की माने तो अजय सिंह राहुल की इन दोनों तपकों में अच्छी पकड़ भी है।
टीम बेबाक