छत्तीसगढ़:सुकमा में पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। आज सुकमा पुलिस के सामने इंसास राइफल के साथ नक्सली ने खुद को सरेंडर कर दिया। बता दें इस नक्सली पर पुलिस ने 8 लाख का इनाम रखा था।
सुकमा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
मामला है छत्तीसगढ़ के सुकमा का, जहां गुरुवार को नक्सली संगठन में लंबे समय से सक्रिय एक नक्सली ने खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली पर सरकार द्वारा 8 लाख का इनाम घोषित किया गया था। सरेंडर करने वाले नक्सली का नाम वेट्टी रामा बताया जा रहा है। इसने बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा, डीआईजी रतन लाल डांगी और एसपी अभिषेक मीणा के सामने ही एसपी कार्यालय सुकमा में आत्मसमर्पण किया।
नक्सलवाद से तंग आकर नक्सली रामा ने इंसास रायफल के साथ खुद को सरेंडर कर दिया और समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का संकल्प लिया। पुलिस के मुताबिक ऑटोमेटिक हथियार रखने वाला रामा कोंटा एरिया कमेटी में बीते कई सालों से सक्रिय था।
सूत्रों की मानें तो रामा ताड़मेटला, बुर्कापाल, किस्टाराम और झीरम जैसी बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रह चुका है। उसके सरेंडर करने से पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलने का दावा डिपार्टमेंट द्वारा किया जा रहा है।
टीम बेबाक