Maharashtra: 1 मार्च से मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत हुई है। पहले दिन covin ऐप में गड़बड़ी की वजह से देरी हुई, जिसके कारण कईयों को वापस लौटना पड़ा। बावजूद इसके मुंबई में वैक्सीनेशन का बम्पर रिस्पॉन्स रहा।
covin ऐप में गड़बड़ी और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने वालों की संख्या में इजाफा होने से कल साइट ही क्रैश हो गया, जिसके कारण कईयों को बिना वैक्सीनेशन के ही वापस लौटना पड़ा। बावजूद इसके मुंबई में BMC के पूर्वनिर्धारित लक्ष्य से ज्यादा वैक्सीनेशन हुआ।
बम्पर रिस्पॉन्स को देखते हुए bmc ने आज से 19 टीकाकरण केंद्र और खोले। पहले दिन सिर्फ 8 सेंटर ही खुले थे। पहले दिन बीएमसी द्वारा तय लक्ष्य की तुलना में 165 % टीकाकरण हुआ। पहले दिन 1200 लोगों के टीकाकरण का था लक्ष्य पर 1982 लोगों का हुआ टीकाकरण। 60 वर्ष से अधिक उम्र के 1722 बुजुर्गों ने और 45 वर्ष के पार बीमार मरीजों में 260 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया।
आज दूसरे दिन मुंबई के कोरोना वैक्सीनेशन सेंटरों की स्थिति ये हो गयी कि SRPF के जवानों तक को बुलाना पड़ा। जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित किया जा सका। लोग srpf और पुलिस के जवानों के साथ भी उलझते नजर आए।
हर किसी को जल्दी है कि पहले उसे वैक्सीन का शॉट लगे लेकिन लोगों को समझना पड़ेगा कि वैक्सीनेशन सेंटरों पर भीड़ करने से मामला और खराब हो सकता है।
वहीं, दूसरी ओर महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। महाराष्ट्र में सोमवार को 6 हजार 397 नए केस सामने आए। वहीं, 30 की मौत होने की खबर है। राहत की खबर ये भी है कि 5 हजार 754 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। इसके साथ ही राज्य में कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 20,30,458 पहुंच चुकी है।
राज्य में रिकवरी रेट 93.94 प्रतिशत है। वर्तमान में 3,43,947 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। जबकि राज्य में अभी भी कुल एक्टिव केसों की संख्या 77 हजार 168 है। वहीं, मुंबई में 855 नए मामले सामने आए। मुंबई में सोमवार को कोरोना की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई।
टीम बेबाक